ऑटो में भूला आभूषणाें से भरा बैग, चार घंटे में कमाण्ड टीम ने किया बरामद
वाराणसी, 30 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की देखरेख में संचालित कमाण्ड सेन्टर के प्रभारी उप निरीक्षक राजेश सिंह ने शुक्रवार को बताया कि शुक्रवार को जनपद आजमगढ़ के सिधारी के रहने वाले एक व्यापारी ऑटो में बैठकर सांरग चौराहा से गोईठहा रिंग रोड उतरते समय आभूषण भरा अपना बैग ऑटो में ही भूल गए। बैग में सोने के मंगलसूत्र, कान की बाली, चाँदी की पायल व चार हजार रुपए व मोबाइल फोन थे। अपर पुलिस उपायुक्त काशी के निर्देश पर कमाण्ड सेन्टर सिगरा में नियुक्त पुलिस टीम द्वारा 04 घण्टे के अन्दर सांरग चौराहा से गोईठहा रिंग रोड के बीच लगे कैमरों की मदद से ऑटो की पहचान की गई। ऑटो से बैग बरामद कर सामान सहित आवेदक को सुपुर्द कर दिया गया।
उन्होंने आगे कहा कि समान मिलने पर व्यक्ति की ओर से खुशी जाहिर करते हुए वाराणसी पुलिस व कमाण्ड सेन्टर टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की गयी। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश सिंह, प्रभारी कमाण्ड सेन्टर सिगरा, कांस्टेबल अनिल कुमार प्रजापति, कांस्टेबल अजीत यादव, कांस्टेबल भूपेन्द्र कुमार शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

