औरैया : पिता की पिटाई से किशोर ने तोड़ा दम, आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से आरोपित फरार, तलाश में पुलिस ने गठित की टीम
औरैया, 22 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के सहार थाना क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में बीती रात सोमवार को 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों और ग्रामीणों से मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस को आशंका है कि किशोर के पिता ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की थी। घटना के बाद से आरोपित पिता फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:45 बजे गांव निवासी अरुण राजपूत ने सहार थाना पुलिस को सूचना दी कि उम्मेद सिंह ने अपने 15 वर्षीय बेटे रिशु के साथ नशे की हालत में मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृत किशोर रिशु का पिता उम्मेद सिंह ई-रिक्शा चलाता है। वह शराब का सेवन करता है। सोमवार शाम परिवार के अन्य सदस्य गांव में आयोजित गणेश पूजा की आरती में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उम्मेद सिंह पर शराब के नशे में अपने छोटे बेटे रिशु के साथ मारपीट करने का आरोप है। बाद में किशोर की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस को उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद से आरोपित पिता उम्मेद सिंह फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
परिजनों के मुताबिक, मृतक किशोर रिशु की मां लता देवी की करीब 12 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। परिवार में उसकी 18 वर्षीय बहन काजल और 22 वर्षीय भाई नीरज हैं। दादा महेंद्र सिंह और दादी मधुलता गांव में दूसरे मकान में रहते हैं।
सहार थाने के उपनिरीक्षक गणेश गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

