home page

प्लाट विवाद में पीड़ित से उपनिरीक्षक ने की अभद्रता, एसपी ने किया निलंबित

 | 
प्लाट विवाद में पीड़ित से उपनिरीक्षक ने की अभद्रता, एसपी ने किया निलंबित


औरैया, 11 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में प्लाट विवाद से जुड़े एक मामले में शिकायतकर्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस उपनिरीक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक औरैया ने गुरुवार काे सहार थाने में तैनात उपनिरीक्षक रामकरण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी बिधूना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के बाद की गई।

सहार थाना क्षेत्र के हरवंशपुर निवासी अजय कश्यप पुत्र आनंद कुमार कश्यप ने पुलिस प्रशासन से शिकायत की थी कि उनके प्लाट को लेकर चल रहे विवाद में उनके साथ मारपीट की गई थी। घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए जब वह सहार थाने पहुंचे तो वहां तैनात उपनिरीक्षक रामकरण ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें थाने में बैठाकर रखा गया तथा उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया। मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी बिधूना को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि प्रथम दृष्टया हुई। जांच रिपोर्ट में उपनिरीक्षक के आचरण को अनुचित पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई कर दी।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आमजन के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के साथ संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई को पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार