औरैया में लूटकांड के चार आरोपित गिरफ्तार ,मोबाइल, नकदी व तमंचे बरामद
औरैया, 24 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र में 21 जुलाई की रात हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 12,200 रुपये नकद, दो तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में घटना का खुलासा किया। उन्हाेंने बताया कि दिबियापुर निवासी रवि बाबू पाल ने 22 जुलाई को अछल्दा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि वह 21 जुलाई की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। सीएचसी अछल्दा के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और मोबाइल फोन, 13,500 रुपये नकद, बाइक की चाबी तथा हेलमेट लूटकर फरार हो गए।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया। देर रात मुखबिर की सूचना पर तुर्कपुर बंबा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान संयुक्त पुलिस टीम ने राजा, चंद्रभान उर्फ टिल्लू, मनोज कुमार और सर्बजीत को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपिताें ने पुलिस काे बताया कि वे एक रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे। रास्ते में अकेले जा रहे बाइक सवार को देखकर लूट की योजना बनाई। रास्ता पूछने के बहाने पीड़ित को रोककर उसे डराया-धमकाया और मोबाइल व नकदी लूट ली। वारदात के बाद बाइक की चाबी और हेलमेट नहर में फेंक दिए ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें। लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा कर लिया गया था, जिसमें से कुछ रुपये खर्च भी कर दिए गए। पुलिस आरोपिताें के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

