औरैया : ट्रक चालकों को बेहोश कर नकदी उड़ाने वाला शातिर गिरफ्तार
-होटल कर्मचारी बनकर पिलाता था नशीला पानी
औरैया, 29 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल थाना पुलिस ने हाईवे पर ट्रक चालकों को नशीला पदार्थ पिलाकर उनकी नकदी चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 20,170 रुपये , दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट डिजायर कार तथा अल्प्राजोलम की गोलियां बरामद की हैं। आरोपित की पहचान सुनील कुमार शर्मा (33) पुत्र राममनोहर निवासी ग्राम सिकौला, थाना जसपुरा, जिला बांदा (हाल पता गुजैनी, बर्रा, कानपुर नगर) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को मैनपुरी निवासी ट्रक चालक आदेश कुमार और सर्वेश कुमार अपने-अपने ट्रकों से बाबरपुर-अजीतमल स्थित सुंदरम होटल पर भोजन करने के लिए रुके थे। इसी दौरान आरोपित होटल कर्मचारी बनकर उनके पास पानी का जग रख गया। पानी पीने के कुछ देर बाद दोनों चालक अचेत हो गए और अपने-अपने ट्रकों में जाकर सो गए। होश आने पर उनकी जेब में रखे करीब 62 हजार रुपये गायब मिले। पीड़ितों की तहरीर पर थाना अजीतमल में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मधुवन ढाबा के सामने इटावा-औरैया सर्विस रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ जालौन, बांदा, हमीरपुर और औरैया सहित कई जनपदों में नशीला पदार्थ पिलाकर चोरी, चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार एवं उपनिरीक्षक संजीव कुमार सहित थाना अजीतमल पुलिस की टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

