औरैया: नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने व दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
औरैया, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में सहार थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में वांछित 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे मंगलवार को उसके गांव पूर्वा दानशाह से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा और आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।
उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह ने बताया कि आरोपित प्रशान्त पुत्र सुनील कुमार के खिलाफ सहार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 74/2026 दर्ज है। शुरुआत में मामले में बीएनएस की धारा 137(2) और 87 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 64(1) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5जे(ii)/6 की बढ़ोतरी की गई।
उन्होंने बताया कि मुकदमे में आरोप है कि प्रशान्त नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद से पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी। मंगलवार को उसके गांव में मौजूद होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर करीब 11 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बिधूना के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह के साथ कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

