औरैया : बाइक से मांस बेचते व्यक्ति पकड़ा, 65.5 किलो मांस बरामद
औरैया, 22 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बुढ़वा मंगल के दिन पुराने अछल्दा कस्बे में बाइक से मांस बेच रहे एक अधेड़ को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक से 65.500 किलो संदिग्ध मांस बरामद किया। पुलिस ने पशु चिकित्सा विभाग को सूचना देकर मांस का नमूना जांच के लिए लिया है।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान इटावा के गाड़ीपुरा निवासी मुस्ताक अहमद (59) पुत्र निशार अहमद के रूप में हुई। वह बाइक से मांस लेकर क्षेत्र में घूम-घूमकर बिक्री कर रहा था। इसी दौरान गौ रक्षा दल के सदस्य जितेंद्र सेंगर और सम्राट श्रीवास्तव ने उसे पुराने अछल्दा कस्बे में मांस बेचते हुए पकड़ लिया। सूचना पर उपनिरीक्षक जय प्रकाश पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मांस को कब्जे में लिया। इसके बाद पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दी गई। पशु चिकित्सक सौरभ ने मौके पर पहुंचकर बरामद मांस का नमूना लिया। थाना प्रभारी सुरेश चंद्र ने बताया कि मांस का नमूना जांच के लिए मथुरा भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस किस पशु का है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

