home page

औरैया में जेई और लाइनमैन काे रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम लेकर पहुंची सदर कोतवाली

 | 
औरैया में जेई और लाइनमैन काे रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम लेकर पहुंची सदर कोतवाली


औरैया, 10 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) अजय कुमार पांडेय और लाइनमैन लल्लन कुशवाहा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, फफूंद क्षेत्र के केशमपुर सब स्टेशन पर तैनात जेई अजय कुमार पांडेय और लाइनमैन लल्लन कुशवाहा को एंटी करप्शन टीम ने दोपहर के समय गिरफ्तार किया। दोनों को पूछताछ के लिए सदर कोतवाली ले जाया गया है, जहां मामले की जांच जारी है। शिकायतकर्ता दीपक बाबू, जो दिल्ली एनसीआर में फूड विभाग में ऑडिटर पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि उनके गांव में मंदिर निर्माण कार्य चल रहा है। मंदिर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटवाने के लिए उन्होंने बिजली विभाग से अनुरोध किया था। आरोप है कि इस काम के एवज में जेई और लाइनमैन ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

दीपक बाबू ने इस संबंध में एंटी करप्शन ब्यूरो लखनऊ में शिकायत दर्ज कराई थी। योजना के तहत शुक्रवार को 11 हजार रुपये एडवांस देने पहुंचे, तभी टीम ने दोनों आरोपिताें को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने पुष्टि की है कि एंटी करप्शन टीम ने जेई समेत दो लोगों को पकड़ा है और आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार