शिक्षिका ने ससुरालियों पर वेतन हड़पने और गला दबाकर मारने का लगाया आरोप, पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा
औरैया, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका ने ससुरालियों पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने, नौकरी का वेतन हड़पने और जान से मारने की नीयत से गला दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश से फफूंद थाना पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ गुरुवार काे मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फफूंद कस्बे के मोहल्ला चमनगंज निवासी सुनील गुप्ता ने अपनी पुत्री दीक्षा गुप्ता की शादी चार दिसंबर 2022 को औरैया के देवकली चौराहा निवासी सागर गुप्ता के साथ की थी। सागर भी शिक्षक है। दीक्षा ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि शादी में पिता ने 10 लाख रुपये नकद, डिजायर कार और गृहस्थी का सामान दिया था। इसमें करीब 30 लाख रुपये खर्च हुए थे। इसके बाद भी ससुरालीजन उसकी नौकरी के वेतन और मायके से स्कूटी लाने की मांग को लेकर उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे।
आरोप है कि पति ने धोखे से उसके वेतन खाते का पासवर्ड हासिल कर करीब 25 लाख रुपये अपने, अपनी मां और चचेरे देवर के खातों में स्थानांतरित कर लिए। विरोध करने पर दीपावली 2025 में उसके जेवर और कपड़े छीनकर घर से निकाल दिया था। बाद में परिजनों के समझाने पर वह दोबारा ससुराल गई, लेकिन उत्पीड़न का सिलसिला जारी रहा।
दीक्षा ने आरोप लगाया कि 31 जुलाई 2026 को वेतन देने से मना करने पर उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। बाद में परिवार के समझाने पर उसे घर में रखा गया। आरोप है कि ससुर ने सोलर के नाम पर वेतन देने को कहा। मना करने पर ससुरालीजन नाराज हो गए और 23 अगस्त को मारपीट कर जान से मारने की नीयत से उसका गला दबाने का प्रयास किया। वह किसी तरह बाथरूम में पहुंचकर बची और पुलिस व परिजनों को सूचना दी। इसके बाद वह मायके आ गई।
पीड़िता के अनुसार, 28 अगस्त को फफूंद में पंचायत बुलाई गई थी। इसमें पहुंचे ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके माता-पिता के साथ गालीगलौज की। विरोध करने पर उसके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई। साथ ही उसे घर में प्रवेश न करने की धमकी दी गई।
फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि गुरुवार को पीड़िता की तहरीर पर पति सागर गुप्ता, ससुर प्रदीप गुप्ता, सास किरन गुप्ता, चचिया ससुर संजय गुप्ता और चचेरे देवर प्रखर गुप्ता उर्फ अनमोल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

