25 हजार का इनामी टिल्लू उर्फ शिवम पुलिस मुठभेड़ में घायल
25 हजार के इनामी बदमाश टिल्लू उर्फ शिवम पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
औरैया, 10 जून (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार सुबह दिबियापुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। चेकिंग के दौरान पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में शातिर अपराधी टिल्लू उर्फ शिवम घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक औरैया अभिषेक भारती के निर्देशन में वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दिबियापुर पुलिस को सूचना मिली कि हत्या के एक मामले में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त मोटरसाइकिल से दिबियापुर की ओर आ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के कम्प्रेशर बम्बा पुलिया के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर उसने खुद को घिरता देख पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से चलाई गई गोली बदमाश के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी औरैया अशोक कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान टिल्लू उर्फ शिवम के रूप में हुई है। वह हत्या के एक मामले में वांछित चल रहा था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी दिबियापुर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

