home page

औरैया : दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या का आरोप, सात ससुरालीजनों पर मुकदमा

 | 
औरैया : दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या का आरोप, सात ससुरालीजनों पर मुकदमा


औरैया, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहार थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना 29 अगस्त की बताई जा रही है। पुलिस ने रविवार को तहरीर के आधार पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भगवन्तापुर ग्राम में रहने वाले मनोज की शादी सोनम से हुई थी। एक दिन पूर्व शनिवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बेटी सोनम को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करते थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। परिजनों का आरोप है कि इसी उत्पीड़न के चलते ससुरालीजनों ने उसकी हत्या कर दी।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति मनोज, ससुर नत्थू, जेठ राजीव, जिठानी शालू, सास सावित्री, चचिया ससुर चंद्रपाल और चाचा के लड़के अन्नू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मायके वालों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष सहार जितेंद्र कुमार तिवारी ने रविवार को बताया कि विवाहिता के मायके पक्ष की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार