home page

प्लॉट पर मिला युवक का शव, शराब की बोतल व बीयर कैन बरामद

 | 
प्लॉट पर मिला युवक का शव, शराब की बोतल व बीयर कैन बरामद


औरैया, 28 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद-औरैया मार्ग पर सहाय आलमपुर गांव जाने वाले कट के सामने मंगलवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची फफूंद थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मंगलवार करीब 12 बजे राहगीरों ने इंद्रेश कुशवाहा के प्लॉट में एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही फफूंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मृतक के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन मिला, जो स्विच ऑफ था। इसके अलावा घटनास्थल से शराब का एक क्वार्टर, बीयर की खाली कैन और एक जोड़ी जूते भी बरामद किए गए।

पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में मृतक की पहचान मुरादगंज क्षेत्र के पूर्वा डेरा निवासी चंद्रशेखर के रूप में हुई।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार