home page

औरैया : हाईवे किनारे खंडहर में मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका

 | 
औरैया : हाईवे किनारे खंडहर में मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका


औरैया, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे शनिवार को एक जर्जर होटल के खंडहर में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को दोपहर बाद बकरी चराने गए ग्रामीणों ने हाईवे किनारे पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम के बंद पड़े होटल के खंडहर में, लोहे की बैरिकेडिंग से कुछ दूरी पर शव पड़ा देखा। इस जानकारी के मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर कोतवाल रमेश सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने मेहरून रंग की शर्ट और नीले रंग का लोअर पहन रखा था। गले में तौलिया था, जबकि पैरों में जूते-चप्पल नहीं थे। शव का आधा चेहरा क्षतिग्रस्त था और बाएं हाथ में ब्रेसलेट पहना हुआ था। लोअर की जेब से कुछ सामान भी मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

शव की काफी कोशिशों के बाद भी पहचान नहीं हो सकी। शव की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हुई है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि हत्या के बाद शव को सुनसान स्थान पर लाकर फेंका गया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

कोतवाल रमेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। साथ ही मृतक की शिनाख्त कराने और मामले की जांच के लिए आसपास के थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार