औरैया : जहरीली दवा डालकर 25 कुंतल मछलियां मारीं
औरैया, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सरकारी तालाब में बुधवार को जहरीली दवा डालकर करीब 25 कुंतल मछलियां मार दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना से मछली पालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ थाना में तहरीर देकर आरोपित की पहचान कर कार्रवाई और नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
बेला बस्ती निवासी राजकुमार ने बताया कि उन्होंने सरकारी तालाब मछली पालन के लिए ठेके पर लिया था। तालाब में काफी संख्या में मछलियां पाली थीं। मछलियां बड़ी हो चुकी थीं और उन्हें बेचने की तैयारी की जा रही थी।
राजकुमार के अनुसार, 18 अगस्त की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने तालाब में जहरीली दवा डाल दी। इसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी। 19 अगस्त की सुबह जब वह तालाब पर पहुंचे तो बड़ी संख्या में मछलियां मृत पड़ी थीं। तालाब के पानी में जहरीली दवा का असर होने की आशंका है। मछलियों की मौत से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस से घटना की जांच कर आरोपित का पता लगाने और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
थाना प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

