एटीएम में पत्ती लगाकर रकम फंसाने वाला शातिर फरार,एसओजी और सर्विलांस टीम तलाश में जुटी
सीसीटीवी फुटेज में चेहरा साफ, मशीन खराब होने से ग्राहक परेशान
औरैया, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया में एटीएम से रकम हड़पने की कोशिश करने वाला शातिर युवक घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। फफूंद कस्बे के चमनगंज तिराहे स्थित इंडिया वन एटीएम में युवक ने रुपये निकलने वाले स्थान पर पत्ती लगाकर अगली निकासी की रकम फंसाने का प्रयास किया था। उसकी पूरी करतूत एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर एसओजी और सर्विलांस टीम उसकी पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।
घटना सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। एक युवक एटीएम में पहुंचा और पहले 500 रुपये निकाले। इसके बाद उसने जेब से एक पत्ती निकालकर रुपये निकलने वाली जगह पर लगा दी। उसकी मंशा थी कि अगले ग्राहक की निकाली रकम मशीन में फंस जाए और वह बाद में उसे निकाल ले। हालांकि, सीसीटीवी में हरकत कैद होने की भनक लगते ही वह मौके से भाग निकला।
एटीएम के फ्रेंचाइजर सिराजुद्दीन को जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मशीन की जांच कर पत्ती और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया।
फ्रेंचाइजर के अनुसार, पत्ती लगाने से एटीएम की बेल्ट समेत अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मशीन बंद पड़ी है और मरम्मत में करीब 70 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है। बुधवार को भी एटीएम बंद रहने से ग्राहकों को परेशानी हुई।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है। एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

