home page

औरैया : बकरियों की लूट और चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो शातिर आरोपित गिरफ्तार

 | 
औरैया : बकरियों की लूट और चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो शातिर आरोपित गिरफ्तार


औरैया, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कोतवाली थाना क्षेत्र में हो रही जानवरों की चोरी और लूट का पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शुक्रवार को खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बकरियों की लूट व चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन बकरियां, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की ऑरा कार बरामद की है। गिरफ्तारी के दौरान भागने के प्रयास में एक आरोपित के पैर में चोट लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

एसपी ने बताया कि अयाना थाना क्षेत्र के दासपुर निवासी प्रदीप कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 अगस्त की शाम बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की पुलिया संख्या 239 के पास बकरियां चरा रहे थे। तभी कार सवार तीन-चार लोग पहुंचे और उनकी छह बकरियों को पकड़कर कार में डालकर जालौन की ओर फरार हो गए। वहीं 20 अगस्त को नबलपुर निवासी भगीरथ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 243 के पास बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान सफेद कार सवार तीन लोगों ने तमंचा दिखाकर उनकी तीन बकरियां छीन लीं और जालौन की ओर भाग गए।

घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया था। इन घटनाओं में शामिल आरोपितों की तलाश में शुक्रवार तड़के करीब 5:17 बजे नरोत्तमपुर बाईपास नहर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कुंजा रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने सोनू उर्फ अमन निवासी अनुरुद्धापुर, कुदरकोट और अमित निवासी नगला खगी, अछल्दा को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त को उन्होंने छह बकरियां चोरी कर इटावा के एक व्यक्ति को बेच दी थीं। इसके अगले दिन तमंचा दिखाकर तीन बकरियां छीन ली थीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपित इन बकरियों को बेचने के लिए कन्नौज जा रहे थे।

पुलिस ने कोतवाली औरैया के मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की है। आरोपित सोनू उर्फ अमन का पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज है, जबकि दूसरे आरोपित के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, एसओजी/सर्विलांस प्रभारी समित चौधरी समेत उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह, मो. शकील खान और जाकिर हुसैन शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार