औरैया : पुलिस ने छह किलो गांजा के साथ तस्कर को दबोचा
औरैया, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना पुलिस ने बीती मध्य रात्रि चेकिंग के दौरान मादक पदार्थ की तस्करी करने के आरोप में एक आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से छह किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 66 हजार रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
क्षेत्राधिकारी बिधूना पृथ्युशश्य पुनीत मिश्रा ने बुधवार को बताया कि 18/19 अगस्त की देर रात दिबियापुर पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान औरैया की ओर से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर युवक सकपका गया और भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से छह किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपित की पहचान राज पुत्र राम सिंह गिहार, निवासी नारायनपुर कंजड़ बस्ती, थाना कोतवाली औरैया के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना में मुकदमा अपराध संख्या 329/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अरुण कुमार, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा, हेड कांस्टेबल गौरव सिंह, कांस्टेबल जीवन सिंह और कांस्टेबल शशिकांत शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

