औरैया : सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात चोरी
-मायके गई थी महिला, चोर टीवी समेत जेवरात और अन्य सामान ले गए
औरैया, 19 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद अजीतमल कस्बे के आजाद नगर, गढ़िया रोड पर गुरुवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी शनिवार दोपहर महिला के मायके से लौटने पर हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
आजाद नगर, गढ़िया रोड निवासी निखिल दीक्षित उर्फ भरत दीक्षित पुत्र श्रीकृष्ण दीक्षित अपनी पत्नी नेहा के साथ रहते हैं। बुधवार को निखिल किसी काम से घर से बाहर गए थे। गुरुवार शाम नेहा भी मकान में ताला लगाकर अपने मायके चली गई। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया।
चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी को खंगालकर उसमें रखी चांदी की पायल, मंगलसूत्र, बच्चे का खड़ुआ, गले का ओम पेंडल, गले की चेन, पायल, चांदी की कटोरी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। चोर घर में रखा टीवी भी अपने साथ ले गए।
शनिवार दोपहर नेहा मायके से वापस घर पहुंची तो मुख्य गेट का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी।
चोरी की जानकारी होने पर उन्होंने आसपास के लोगों को घटना के बारे में बताया और कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उनके अनुसार, जिस घर में चोरी की बात कही गई है, उसके निवासी को पुलिस पिकेट के सिपाही से अभद्रता के एक मामले में तलाश कर रही थी। पुलिस का कहना है कि दबाव बनाने के लिए चोरी की घटना किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

