औरैया : विवाहिता की मौत मामले में सात माह बाद पति गिरफ्तार
औरैया, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल थाना क्षेत्र के ग्राम सांफर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने सात माह बाद उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित को उसके घर के बाहर से दबोचा है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ दर्ज मुकदमे में पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सांफर निवासी मोहित कुमार पुत्र रामबाबू है। उसके खिलाफ कोतवाली अजीतमल में मुकदमा अपराध संख्या 72/2026 के तहत बीएनएस की धारा 85 और 108 में मामला दर्ज था। आज पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अजीतमल के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी के साथ उपनिरीक्षक करवेन्द्र सिंह और हेड कांस्टेबल रविकान्त शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
मां को फंदे पर देख सहम गई थी पांच वर्षीय बेटी
उल्लेखनीय है कि 13 फरवरी 2026 को सांफर गांव में करीब 30 वर्षीय सोनी पत्नी मोहित शंखवार का शव करीब सुबह सात बजे घर के कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला था। पांच वर्षीय बेटी सानबी ने सबसे पहले अपनी मां को फंदे पर लटका देखा था और घबरा कर शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

