औरैया में महिला सहकर्मी के कहने पर चकबंदी अधिकारी से मारपीट कर मोबाइल छीना, तीन आरोपित गिरफ्तार
औरैया, 25 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मारपीट और मोबाइल छिनैती की घटना में तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से छीना गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और टाटा हैरियर कार बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपिताें में गौरव यादव पुत्र सुभाष चंद्र निवासी नगला महाजीत थाना सिविल लाइन इटावा, योगेन्द्र यादव पुत्र अरुण यादव निवासी नगला सबल थाना भरथना इटावा तथा प्रदीप यादव पुत्र किताब सिंह निवासी नगला महाजीत थाना सिविल लाइन इटावा शामिल हैं।
अजय कुमार पाण्डेय निवासी नई बस्ती सत्तेश्वर थाना कोतवाली औरैया, जो चकबंदी विभाग में अनुदेशक अधिकारी के पद पर तैनात हैं, ने थाना दिबियापुर में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि 22 जून की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह ककोर मुख्यालय से डाक लेकर बिधूना जा रहे थे। तभी रामगढ़-दिबियापुर मार्ग पर गुलरिया गांव के पास काले रंग की पल्सर बाइक और हैरियर कार सवार लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपिताें ने गाली-गलौज करते हुए डंडों से मारपीट की और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर केंजरी नहर पुल के पास से तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि वे इटावा में एक निजी फाइनेंस कंपनी चलाते हैं। कंपनी में कार्यरत महिला सहकर्मी का अपने ससुर अजय कुमार पाण्डेय से गुजारा भत्ता को लेकर विवाद चल रहा था। महिला के कहने पर उन्होंने अजय कुमार पाण्डेय को पीटने और मोबाइल छीनने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

