बहराइच : सभासद पर हमला कर पांच हजार रुपये व घड़ी छीनी, तीन युवकों के खिलाफ दी तहरीर
बहराइच, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नगर पालिका के मेवातीपुरा वार्ड के सभासद मोहम्मद अकील पर शनिवार रात कुछ युवकों ने कथित रूप से घेरकर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान सभासद की जेब से पांच हजार रुपये नकद और हाथ में पहनी घड़ी भी छीन ली गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
मोहम्मद अकील के मुताबिक वह अपनी मोटर पार्ट्स की दुकान बंद कर पुराना नानपारा बस स्टैंड की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डॉ. सचिन अग्रवाल के क्लीनिक के सामने कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में घायल सभासद ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर वहां से भाग निकले।
सभासद का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनकी जेब से पांच हजार रुपये नकद निकाल लिए और हाथ में पहनी घड़ी भी छीन ली। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।
घटना के सम्बन्ध में सभासद मोहम्मद अकील ने कोतवाली नगर में कबीर, अभय पटेल और अखिल यादव के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में मारपीट, रुपये व घड़ी छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही रविवार को बड़ी संख्या में नगर पालिका सभासद कोतवाली नगर पहुंचे। सभासदों ने पुलिस अधिकारियों से आरोपिताें की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। नगर कोतवाल बृजेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

