home page

देवरिया : बिहार जा रही 20 पेटी अवैध शराब के साथ बोलेरो सवार एक आरोपित तस्कर गिरफ्तार

 | 
देवरिया : बिहार जा रही 20 पेटी अवैध शराब के साथ बोलेरो सवार एक आरोपित तस्कर गिरफ्तार


देवरिया, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खामपार पुलिस ने गुरुवार को एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने वाहन के साथ एक आरोपित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में जीरो टॉलरेंस नीति को लेकर अपराधियों और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना खामपार पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान एक सूचना पर भिंगारी ओवरब्रिज के पास एक सिल्वर रंग की महेन्द्रा बोलरो को रोका गया। जांच में वाहन पर लगी नंबर प्लेट यूपी 57 एसी 7085 फर्जी निकली। शक के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के कुल 960 पाउच (प्रत्येक 180 एमएल), यानी कुल 172.8 लीटर शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1,15,200 रुपये बताई गई है। साथ ही वाहन के अंदर से असली नंबर प्लेट बीआर 29 क्यू 3041 भी बरामद की गई।

एएसपी ने बताया कि पुलिस ने मौके से आरोपित रंजीत कुमार (40) पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी पिपरा करौती, थाना उदाकिशुनगंज, जिला मधेपुरा (बिहार) को गिरफ्तार किया गया है।

इस संबंध में थाना खामपार में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृपाराम यादव, उपनिरीक्षक प्रियांशु कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल दीपक यादव शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक