25 हजार का इनामी आरोपित गिरफ्तार, एनडीपीएस के दो मामलों में था वांछित
- गाजीपुर से उड़ीसा तक बदलता रहा ठिकाना, मड़िहान पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
मीरजापुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मड़िहान पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए गाजीपुर से लेकर उड़ीसा तक ठिकाने बदल रहा था। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार रजत सिंह उर्फ भोदू (31) पुत्र सुभाष सिंह निवासी रंजीतपुर, थाना जंगीपुर-जखनिया, गाजीपुर का वर्तमान पता श्रीनिवास नगर, थाना चांदिली, जिला रायगढ़, उड़ीसा है। उसके खिलाफ मड़िहान थाने में एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों मामलों में वह वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
शनिवार को उपनिरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय को आरोपी के संबंध में सूचना मिली। पुलिस टीम ने सूचना और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए काफी समय से सुराग जुटाए जा रहे थे। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय के साथ मड़िहान थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

