आग लगाने का आरोपित तमंचा समेत गिरफ्तार
फर्रुखाबाद ,22 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में ताजियों में आग लगाने के मामले में एक आरोपित को मऊदरवाजा थाना पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि आज उप निरीक्षक पंकज कुमार, राघवेंद्र सिंह समेत पुलिस टीम के साथ काशीराम कॉलोनी निवासी शिवम बाथम उर्फ छुुआरा पुत्र भैया लाल को 315 बोर तमंचा, कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया है। आरोपित ने पुलिस को बताया है कि उसने 8-10 दिन पूर्व कर्बला में आग लगाई थी।
उल्लेखनीय है कि रकाबगंज खुर्द के शारिक हुसैन रिजवी ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कर्बला में आग लगाए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आग लगाए जाने से ताजिए एवं आलम जल गए थे। आग लगाने वाले ने क़ब्र को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसी मामले में आज एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

