कार से सात पेटी अवैध शराब बरामद, एक आरोपित गिरफ्तार
देवरिया, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर अपराध एवं शराब तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना खामपार पुलिस ने अवैध शराब के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान थाना खामपार की पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर ग्राम छपिया मोड़ से आगे निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास एक चार पहिया वाहन को रोक कर चेकिंग की गई। वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट बीआर 01 एफबी 4026 लगी थी। तलाशी के दौरान कार में छिपा कर रखी गई 7 पेटी में 336 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
सीओ ने बताया कि शराब तस्करी के मामले में अविन्दा कुमार यादव पुत्र अमल चौधरी, निवासी जिगना जगरनाथ टोला राजघाट, थाना मीरगंज, जिला गोपालगंज (बिहार) को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना खामपार में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

