home page

बरेली : रिश्वत लेते वन विभाग कर्मी गिरफ्तार

 | 
बरेली : रिश्वत लेते वन विभाग कर्मी गिरफ्तार


बरेली, 26 फरवरी (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (बरेली) की टीम ने गुरुवार को वन विभाग के एक संविदा कर्मी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

बरेली एंटी करप्शन की ट्रैप टीम के प्रभारी प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में यह कार्रवाई आज दोपहर करीब 3:10 बजे की गई। टीम ने उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित चूका बार्डर चेक पोस्ट, थाना माधोटांडा क्षेत्र, जनपद पीलीभीत पर तैनात बीट वाउचर (संविदा कर्मी) संजीव कुमार को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता फैयाज पुत्र नियामतुल्ला निवासी पिपरिया संतोष, थाना माधोटांडा की ट्रक के सभी प्रपत्र सही थे और मोरंग मिट्टी का वजन भी निर्धारित मानक के अनुरूप था। इसके बावजूद आरोपित वन कर्मी ने पासिंग के नाम पर 5 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपित को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

एंटी करप्शन टीम के प्रभारी प्रवीण सान्याल ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने या लेने की सूचना मिलने पर तत्काल ट्रैप की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन बिना डर शिकायत करें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार