शाहजहांपुर : अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
शाहजहांपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में निगोही थाना पुलिस ने रविवार को अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच अवैध तमंचे, एक अधबना तमंचा, दो जिंदा कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के ग्राम भटपुरा मिश्र और मिलकिया के बीच स्थित एक खंडहर में छापा मारकर संतोष (45) निवासी भटपुरा मिश्र और अनिल सिंह (42) निवासी घनश्यामपुर को गिरफ्तार किया गया है।
तलाशी के दौरान चार तमंचे 315 बोर, एक कारतूस 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, एक कारतूस 12 बोर, एक अधबना तमंचा 315 बोर, एक नाल, दो तमंचों की बॉडी, तीन मोबाइल फोन तथा अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने अवैध तमंचे तैयार कर उन्हें होटल और ढाबों पर रुकने वाले ट्रक चालकों के माध्यम से तीन से पांच हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की है। आरोपितों ने यह भी बताया कि वो लोग कबाड़ी की दुकानों और आरा मशीनों से सामान जुटाकर तमंचों के पुर्जे तैयार करते हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

