मीरजापुर में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर, 31 मार्च (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजीपुर की एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने मीरजापुर पुलिस के सहयोग से बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने मंगलवार को बरकछा कलां मीलस्टोन-135 के पास घेराबंदी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों के पास से 528 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से 2400 रुपये नकद और एक बाइक भी बरामद की है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान रवि सोनकर पुत्र झुरी सोनकर निवासी शाहपुर चौसा थाना कोतवाली देहात और इमरान पुत्र अब्दुल हसन उर्फ खेतल निवासी जसोवर थाना कोतवाली देहात, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। ऑपरेशन में गाजीपुर एएनटीएफ के साथ-साथ सर्विलांस टीम लखनऊ और मिर्जापुर पुलिस की संयुक्त भूमिका रही।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे मड़िहान क्षेत्र के दारानगर निवासी रामधनी से सस्ते दाम पर हेरोइन खरीदते थे। इसके बाद उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस को रामधनी का मोबाइल नंबर भी मिला है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। तस्करों ने यह भी बताया कि वे लोकेशन ट्रेस होने से बचने के लिए घूम-घूमकर हेरोइन की बिक्री करते थे।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक एएनटीएफ थाना सुरेंद्र नाथ सिंह, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल जयंत, अजीत कुमार, अमित कुमार चौरसिया, इंद्रपाल सिंह, सर्विलांस टीम लखनऊ के एसआईएम राजेश मिश्रा तथा मीरजापुर देहात थाने के बरकछा पुलिस चौकी के उप निरीक्षक राकेश राय और हेड कांस्टेबल गोविंद सिंह यादव शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

