home page

अमेठी में नाबालिग की हत्या का आरोपित बाल अपचारी 12 घंटे में पकड़ा गया

 | 
अमेठी में नाबालिग की हत्या का आरोपित बाल अपचारी 12 घंटे में पकड़ा गया


अमेठी, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी जिले के थाना जायस पुलिस एवं स्वाट टीम ने 15 वर्षीय किशोर की हत्या की घटना का खुलासा 12 घंटे के अंदर करते हुए एक बाल अपचारी को नियमानुसार निगरानी में लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांका तथा रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को जागेश्वर पुत्र राम लौटन निवासी पूरे बक्शी, थाना जायस ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके 15 वर्षीय पुत्र आर्यन की हत्या गांव के ही कुछ लोगों द्वारा कर दी गई है। तहरीर के आधार पर थाना जायस में मुकदमा संख्या 76/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के अनुसार पूछताछ में बाल अपचारी ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व मृतक के परिवार और उसके पिता के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसके कारण वह रंजिश रखता था। पुलिस का कहना है कि बाल अपचारी ने बयान दिया कि 4 जून को एक जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान वह मृतक को बहाने से बाग की ओर ले गया, जहां उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पुलिस ने बाल अपचारी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बांका तथा उसके रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। बरामद वस्तुओं को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी