नाबालिक बच्चे की गला रेतकर हत्या
अमेठी, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत जायस थाना क्षेत्र के बक्शी का पुरवा गांव में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक नाबालिक बच्चे की लाश खेत के मेड़ पर पड़ी देखी गई। सूचना पर पहुंची जायस कोतवाली पुलिस ने बच्चे की लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जायस कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बक्शी का पुरवा गांव निवासी जागेश्वर का 15 वर्षीय पुत्र आर्यन गाँव के ही एक बच्चे के बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए उसके घर गया हुआ था। देर रात जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों के द्वारा खोजबीन की जाने लगी। शुक्रवार की सुबह आर्यन की लाश ग्रामीणों ने घर से करीब 100 मीटर दूर गांव के बाहर खेत के मेड़ पर देखी। लाश देखने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया बताया जा रहा है कि बहुत ही नृशंश तरीके से गला रेतकर आर्यन की हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। आर्यन की मां का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना के संबंध में जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई । लाश को कब्जे में लेते हुए पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगा दी गई है। जल्दी ही वर्कआउट कर लिया जाएगा। प्रथम दृष्टया लड़कों का आपसी विवाद घटना का कारण प्रतीत हो रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से थाने पर लिखित तहरीर दी जा रही है। तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा । फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया है । घटना के सभी पहलुओं पर विशेष नजर रखते हुए जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

