अमेठी में लव जिहाद और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के दो आरोपित गिरफ्तार
-मोहम्मद अनस और इरफान नाबालिग लड़की काे फंसा कर धर्म परिवर्तन का डाल रहे थे दबाव
अमेठी, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव से लव जिहाद का मामला सामने आया है। इस मामले में थाना स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके नाम मोहम्मद अनस पुत्र मोहम्मद साबिर खान निवासी ग्राम किशनी थाना बाजार शुकुल तथा इरफान पुत्र रऊफ निवासी शेखवापुर थाना बाजार शुकुल हैं।
बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी नाबालिग लड़की के परिजनों ने थाने पर तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत करवाया था कि दो आरोपिताें ने उसकी नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर प्रेम जाल में फंसाते हुए विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहे हैं। जिस पर बाजार शुकुल थाने की पुलिस ने मामले की जांच करते हुए तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान” के तहत थाना बाजार शुकुल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
बाजार शुक्ल थाने के प्रभारी विवेक कुमार वर्मा ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहम्मद अनस पुत्र मोहम्मद साबिर खान निवासी ग्राम किशनी थाना बाजार शुकुल तथा इरफान पुत्र रऊफ निवासी शेखवापुर थाना बाजार शुकुल शामिल हैं। दोनों अभियुक्त थाना बाजार शुकुल में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 70/26 से संबंधित मामले में वांछित थे। इनके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसमें 3/4 पास्को एक्ट एवं उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धाराएं शामिल हैं। थाना बाजार शुकुल पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

