बागपत में 20 हजार में हो रही थी भ्रूण लिंग की जांच, स्वास्थ्य विभाग ने अल्ट्रासाउंड सेंटर सील कर जब्त की मशीन, संचालक भी हिरासत में
बागपत, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में मंगलवार काे बागपत मेरठ रोड स्थित एक अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पर हरियाणा और बागपत स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सेंटर को सील करते हुए उसके संचालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मौके से अल्ट्रासाउंड मशीन भी जब्त कर ली गई। साथ ही करीब 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
कार्रवाई में शामिल डॉ मनप्रीत सिंह ने बताया कि हरियाणा स्वास्थ्य विभाग को इस सेंटर पर लंबे समय से अवैध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसी के आधार पर टीम ने अचानक बागपत पहुंच कर छापा मारा। सूचना मिलने पर बागपत स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान सामने आया कि सेंटर पर अवैध रूप से भ्रूण जांच का काम किया जा रहा था, जिसके लिए मोटी रकम वसूली जाती थी। टीम ने मौके से इस अवैध लेनदेन से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए हैं। छापेमारी के बाद संचालक विपिन को हिरासत में लिया गया है। बागपत सीएचसी प्रभारी डॉक्टर विभाग राजपूत का कहना है कि हरियाणा की टीम द्वारा छापेमारी की गई थी । मौके से केंद्र संचालक अल्ट्रासाउंड करता पकड़ा गया है, और लिंग जांच के लिए दिए गए 20 हजार रुपये भी केंद्र संचालक के पास से बरामद हुए हैं जिनके सीरियल नंबर भी मिले गए हैं । इस प्रकरण में बागपत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
इस घटना के बाद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिला मुख्यालय के पास लंबे समय से चल रही इस गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी स्थानीय स्तर पर न होना प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करता है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

