सरेराह अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या
मीरजापुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद मीरजापुर कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारूपुरा में शनिवार सुबह वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंटू सिंह की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि अधिवक्ता को बदमाशों ने नजदीक से गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
परिजन का आरोप है कि अधिवक्ता ने पहले ही कटरा कोतवाली में हत्या की आशंका जताते हुए प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से यह घटना हो गई। इससे पहले भी उन पर दो बार हमला हो चुका था। बताया जाता है कि मृतक की पत्नी देवरी कला ग्राम प्रधान हैं। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
कटरा कोतवाली प्रभारी बैद्यनाथ सिंह ने बताया कि अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

