मुठभेड़ में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म का अभियुक्त गिरफ्तार, गोली लगी
फिरोजाबाद, 28 जुलाई (हि.स.)। थाना नारखी पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात नाबालिग बच्ची के साथ गलत काम करने वाले अभियुक्त वीरेश उर्फ वीरा को मुठभेड में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि थाना नारखी क्षेत्र अन्तर्गत 27 जुलाई को एक नाबालिग बच्ची के साथ अभियुक्त वीरेश उर्फ वीरा पुत्र ग्याप्रसाद उर्फ कलोदी निवासी नयावांस थाना नारखी ने छेड़छाड़ करते हुए गलत काम किया था। बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी थी।
उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष थाना नारखी राकेश कुमार गिरी पुलिस टीम के साथ मंगलवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त बेंदी की पुलिया के पास छिपते-छिपाते घूम रहा है तथा कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर थाना नारखी पुलिस टीम ने दबिश दी। अभियुक्त द्वारा जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम के ऊपर फायर किया गया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जबावी कार्यवाही में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया। घायल अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा, खोखा कारतूस व जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुए हैं। घायल अभियुक्त की पहचान वांछित अभियुक्त वीरेश उर्फ वीरा के रुप मे हुई है।
सीओ ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

