home page

कानपुर में ट्रेन का इंतजार कर रहा तस्कर गिरफ्तार, ट्रॉली बैग में मिला 13 किलो 650 ग्राम गांजा

 | 
कानपुर में ट्रेन का इंतजार कर रहा तस्कर गिरफ्तार, ट्रॉली बैग में मिला 13 किलो 650 ग्राम गांजा


कानपुर , 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार को ट्रॉली बैग में गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक शातिर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 13 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि रेलवे में चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार काे कानपुर सेंट्रल स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया कैंट साइड स्थित सुलभ शौचालय के पीछे पीपल के पेड़ के नीचे चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उसके ट्रॉली बैग से 13 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपित की पहचान विनय कुमार शर्मा निवासी ग्राम रामा छपरा, थाना दुरौधा, जिला सिवान, बिहार के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने गांजा ओडिशा से लाने और ट्रेन से आनंद विहार, दिल्ली जाने के लिए कानपुर सेंट्रल पर इंतजार करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उससे तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।

आरोपित के खिलाफ थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी और बरामदगी में जीआरपी कानपुर सेंट्रल के साथ आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल की टीम भी शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप