home page

नौकरी का झांसा देकर छह लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
नौकरी का झांसा देकर छह लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाला आरोपित गिरफ्तार


मीरजापुर, 07 जून (हि.स.)। नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के आरोप में चील्ह पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित पर दंपति से छह लाख रुपये ऐंठने के साथ ही विरोध करने पर धमकी देने का भी आरोप है।

पुलिस के अनुसार चील्ह थाना क्षेत्र के चेकसारी गांव निवासी धीरज मिश्र ने 17 मार्च को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उन्हें और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपित ने उनसे करीब छह लाख रुपये ले लिए और बाद में कूटरचित नियुक्ति पत्र भी थमा दिया।

जब पीड़ित को नियुक्ति पत्र फर्जी होने की जानकारी हुई और उसने अपना पैसा वापस मांगा, तो आरोपित ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार को उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार यादव और प्रहलाद यादव की टीम ने चेकसारी से पुरजागीर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर नामजद आरोपित ताराशंकर तिवारी निवासी चेकसारी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा