home page

बर्तन कारोबारी के बेटे की हत्या में दूसरा आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार

 | 
बर्तन कारोबारी के बेटे की हत्या में दूसरा आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार


मुरादाबाद, 12 नवंबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित मुरादाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय के सामने महफिल चाय ढाबे के पास बर्तन कारोबारी के बेटे की 08 नवंबर की रात्रि गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।इस मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपित को बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

थाना पाकबड़ा क्षेत्र निवासी बर्तन कारोबारी शाकिर के बेटे अब्दुल्ला (19) 08 नवंबर (रविवार) की रात्रि 11 बजे के लगभग थाना मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड पर स्थित एक ढाबे पर अपने दोस्तों के साथ बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान वहां मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे के नियामतपुर निवासी मोहसिन चौधरी और मूंढापांडे के चमरूआ निवासी सरताज चौधरी पहुंचे। बताया जाता है कि वहां अब्दुल्ला ने मोहसिन और सरताज चौधरी से पूर्व में दिए अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपित उससे झगड़ा करने लगे। इस दौरान आरोपितों ने अब्दुल्ला को गोली मार दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल युवक अब्दुल्ला को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया थी।

घटना के बाद पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार देर रात पुलिस ने नामजद आरोपित सरताज चौधरी को दलपतपुर-चमरौआ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार शाम उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया था। वहीं, दूसरे नामजद आरोपित मोहसिन की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात्रि साढ़े 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मोहसिन नया मुरादाबाद क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने पीछा किया तो उसने बाइक रोककर टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के द्वारा बचाव में जवाबी कार्रवाई में मोहसिन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे गिरफ्तार करके जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल