सरकारी योजनाओं का झांसा देकर खाता खुलवाकर जमा करते थे ठगी का पैसा, चार गिरफ्तार
मीरजापुर, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और कुछ रुपये कमाने का लालच देकर लोगों से बैंक खाते खुलवाना और फिर उन्हीं खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाकर लाखों का खेल करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
साइबर क्राइम थाना, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल लैपटॉप, मोबाइल फोन, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पासबुक, वोटर आईडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड और चार पहिया वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में ऑपरेशन ‘साइबर ब्रज’ के तहत साइबर अपराधों की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के बारे में जानकारी मिली। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपिताें की लोकेशन ट्रैक कर टीम ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपिताें में सहसपुरा निवासी आशीष कुमार सिंह, दीक्षितपुर निवासी कपिल देव भारद्वाज उर्फ मोनू, सहसपुरा निवासी युवराज सिंह उर्फ राजा और प्रतापुर निवासी आदर्श सिंह उर्फ मोनू शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने या कुछ पैसे देने का झांसा देते थे। इसके बाद अलग-अलग बैंकों में उनके नाम से खाते खुलवाकर उन्हें अपने गिरोह के अन्य सदस्यों को उपलब्ध करा देते थे। इन खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाई जाती थी। गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर रहकर अपनी ‘ब्रांच’ के माध्यम से प्रतिदिन लाखों रुपये के साइबर फ्रॉड को अंजाम देते थे।
प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस, एसओजी राजीव सिंह ने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपिताें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

