कॉस्मेटिक दुकान के ऊपर कमरे से 96 किलो पटाखे बरामद
मीरजापुर, 02 नवंबर (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में सोमवार को पुलिस ने साेमवार काे एक कॉस्मेटिक दुकान के ऊपर बने कमरे से 96 किलो 870 ग्राम बारूद युक्त पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में दुकान संचालक जान मोहम्मद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
उप निरीक्षक रामनगीना यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि उमरिया निवासी जान मोहम्मद ने अपनी कॉस्मेटिक दुकान के ऊपर बने कमरे में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान कमरे से 96 किलो 870 ग्राम पटाखे बरामद हुए। बरामद पटाखों में बुलेट बम, मिनी बम, हाइड्रो बम, चटाई, फुलझड़ी और रॉकेट सहित अन्य आतिशबाजी के सामान शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पड़री थाने में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

