home page

कानपुर पुलिस ने ‘उल्टी गैंग’ की 3 महिलाओं काे किया गिरफ्तार, मुठभेड़ में पकड़ा गया सरगना

 | 
कानपुर पुलिस ने ‘उल्टी गैंग’ की 3 महिलाओं काे किया गिरफ्तार, मुठभेड़ में पकड़ा गया सरगना


कानपुर पुलिस ने ‘उल्टी गैंग’ की 3 महिलाओं काे किया गिरफ्तार, मुठभेड़ में पकड़ा गया सरगना


कानपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में बर्रा थाना क्षेत्र की पुलिस ने ऑटो में सवारी बनकर ‘उल्टी’ या अन्य बहाना कर यात्रियों का ध्यान भटकाकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। तीन महिलाओं समेत कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह का सरगना मुठभेड़ में घायल होने के बाद पकड़ा गया। आरोपित चालाकी से ध्यान भटकाकर गहने और कीमती सामान पार कर देते थे।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने रविवार को बताया कि गिरोह काफी समय से सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। चेकिंग के दौरान सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपितों चंदाैली निवासी माला व नंदिनी, रिंकू और प्रिंस को पकड़ा, जबकि मुख्य सरगना अभिषेक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ। उसके पास से देशी तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि वारदात में इस्तेमाल ऑटो और कुल 10,520 रुपये भी बरामद किए गए हैं और सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपित पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनके आपराधिक इतिहास की जांच के लिए एक टीम को चंदौली भेजा गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह में करीब 15 से 20 सदस्य शामिल हैं, जो प्रदेश के अलग-अलग शहरों में रहकर घटनाओं को अंजाम देते हैं और फिर ठिकाना बदल लेते हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य ऑटो में सवारी बनकर बैठते थे और सफर के दौरान उल्टी, झगड़ा या किसी अन्य बहाने से माहौल बनाकर यात्रियों का ध्यान भटकाते थे। इसी दौरान साथी चुपके से गहने, मोबाइल या नकदी पार कर देते थे। 23 मार्च को दामोदर नगर पेट्रोल लाइन के पास हुई मंगलसूत्र चोरी की घटना का भी इसी गिरोह ने अंजाम दिया था।

बर्रा बाईपास क्षेत्र में सूचना के आधार पर हिंगलाज मंदिर के पास घेराबंदी कर चार आरोपितों को पकड़ा गया, जबकि फरार सरगना अभिषेक को बाद में जरौली फेस-2 नाला रोड पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप