शाहजहांपुर: पांच वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की कई मोटरसाइकिल बरामद
शाहजहांपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें और एक घिसी हुई चेसिस बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सात सितंबर को तिलहर के कुंवरगंज निवासी राज की मोटरसाइकिल घर के बाहर से चोरी हो गई थी। मोटरसाइकिल उनकी मां के नाम थी। पीड़ित राज ने इस संबंध में अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को सरयू पुलिया सर्विस रोड के पास से तिलहर निवासी अर्श उर्फ भूरा, कुनाल वर्मा और जगजीत सिंह उर्फ जग्गा को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों से हुई पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बक्शी तिराहा स्थित रजा ऑटो सर्विस से फैजान उर्फ मुन्ना और अमन को भी गिरफ्तार कर लिया। दुकान की तलाशी में चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिलें और एक घिसी हुई चेसिस बरामद हुई।
उपनिरीक्षक रमेश कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपित अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे और उनकी पहचान छिपाने के लिए इंजन व चेसिस नंबर घिसकर या बदलकर बाइक और उनके पार्ट्स सस्ते दामों पर बेच देते थे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

