home page

फतेहपुर : बेहटा गांव के तीन मंदिरों की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त, आरोपित गिरफ्तार

 | 
फतेहपुर : बेहटा गांव के तीन मंदिरों की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त, आरोपित गिरफ्तार


फतेहपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को बीती रात अराजक तत्वों ने तीन मंदिरों में तोड़फोड़ कर प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। आज घटना की जानकारी पर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के बाद आरोपित मनोज कुशवाहा काे गिरफ्तार किया है।

बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बेहटा गांव के तीन मंदिरों में स्थापित मूर्तियों को बीती रात कुछ अराजकतत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। ग्रामीणों को जानकारी होने पर लोगों मैं आक्रोश व्याप्त हो गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई और विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के पदाधिकारियों को भी दी। ग्रामीणों ने बताया कि अराजक तत्वों ने गांव के उत्तर, दक्षिण और पश्चिम दिशा में स्थित तीन मंदिरों को निशाना बनाया। इसके अलावा अरघा से ज्योतिर्लिंग गायब होने की बात भी सामने आई है। इसी क्रम में शहीद स्मारक से सटे मंदिर में गौरी जी की प्रतिमा काे खंडित किया गया।

थाना प्रभारी बिंदकी शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि दयाशंकर की तहरीर पर आरोपित मनोज कुशवाहा के विरुद्ध मूर्ति क्षतिग्रस्त करने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर इसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान विहिप के बिंदकी नगर अध्यक्ष राजेश सिंह गौतम, प्रखंड अध्यक्ष मोनू गुप्ता, गुड्डू द्विवेदी, ज्ञान सिंह, विशाल, प्रेम नारायण, रामकृष्ण, रामविशाल, पंकज गौर और अभिषेक कुशवाहा सहित सैकड़ों बजरंग दल के कार्यकर्ता व अन्य लोग मौजूद रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार