वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो भाइयों समेत तीन गिरफ्तार, चोरी की सात मोटरसाइकिल बरामद
शाहजहांपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर में थाना मिर्जापुर पुलिस ने सोमवार को वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए दो भाइयों समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) भंवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बहरिया स्थित सरकारी स्कूल मोड़ के पास तीन व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ग्राम बहरिया निवासी शादाब, उसके भाई शबाव तथा ग्राम भरतापुर निवासी शिवम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे कलान क्षेत्र के एक व्यक्ति से चोरी की मोटरसाइकिलें कम कीमत पर खरीदते थे। इसके बाद उनकी मरम्मत कर नंबर प्लेट बदलकर अधिक कीमत पर बेच देते थे।
एएसपी ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा चोरी की मोटरसाइकिलों के स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

