मोबाइल फोन छीन कर भाग रहे तीन बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक को लगी गोली
शाहजहांपुर,21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के थाना पुवायां क्षेत्र में बीती देर रात मोबाइल फोन छीन कर भाग रहे बाइक सवार बदमाशो और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक ने मंगलवार को बताया कि बीती देर रात पुवायां पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का मोबाइल फोन छीनने वाले तीन बदमाश मोटरसाइकिल से सिसोरा की तरफ जा रहे है। बदमाशो को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने मोहम्मदी रोड़ पर अंडरपास के निकट चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच मोटरसाइकिल से आ रहे बदमाशो को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो मोटरसाइकिल सवार बदमाशो ने मोटरसाइकिल की रफ्तार बड़ा दी और भागने लगे। जल्दबाजी में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशो ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्यवाही की। जिसमें पुवायां थाना क्षेत्र निवासी बदमाश सौरभ मिश्रा गोली लगने से घायल होकर गिर गया। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल बदमाश सौरभ मिश्रा और उसके दोनों साथी पुवायां क्षेत्र निवासी अर्पित सक्सेना तथा जनपद लखीमपुर खीरी के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के गांव सिसोरा निवासी मौसम दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सोमवार को जठियापुर खुर्द निवासी आशीष सक्सेना मीना बाजार से सब्जी खरीदने गए थे। इस दौरान तीनो बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और पल्सर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। बदमाशो को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीम गठित की गई थी। उन्होंने बताया कि बदमाश राहगीरों को निशाना बनाकर इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देने के आदी है।इनके विरुद्ध जनपद खीरी एवं शाहजहांपुर में कई मुकदमे पंजिकृत है। बदमाश के पास से अवैध असलाह और कारतूस, छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ है। घायल बदमाश को उपचार के लिए राजकीय मेडकिल कॉलेज में भर्ती कराया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

