home page

श्याम सुंदर हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, संपत्ति के विवाद में गोली मारकर की थी हत्या

 | 
श्याम सुंदर हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, संपत्ति के विवाद में गोली मारकर की थी हत्या


शाहजहांपुर,16 अप्रेल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर में मदनापुर थानाक्षेत्र के गांव बरीखास में मंगलवार की देर रात श्याम सुंदर(25) नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बुधवार की देर शाम घटना में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

क्षेत्राधिकारी सदर प्रयांक जैन ने गुरुवार को बताया कि करनपुर पड़री निवासी श्याम सुंदर (25) बचपन से ही बरीखास में अपने नाना विश्राम के साथ रहा था। विश्राम ने अपनी जमीन भी श्याम सुंदर को दे दी थी। इसी नाराजगी में विश्राम के भतीजे धनवीर और उसके पुत्र अजयभान आदि बुधवार की शाम श्याम सुंदर के घर पहुंचे और गाली गलौज करते हुए उसे पकड़ कर अपने घर के पास खींच ले गए। जहां अजयभान ने अवैध हथियार से गोली मारकर श्याम सुंदर की हत्या कर दी थी।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने बुधवार की देर शाम घटना में शामिल मुख्य आरोपी अजयभान और उसके पिता धनवीर को मुखबिर की सूचना पर चंदोखा तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा