शाहजहांपुर में 16 किलोग्राम गांजा संग दो तस्कर गिरफ्तार
शाहजहांपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुलिस ने परशुरामपुरी थाना क्षेत्र में कार से गांजा ले जा रहे दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार लाख रुपये बताई है।
उपनिरीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने गुरुवार रात कसारी पुलिया के पास चेकिंग के दौरान कार को रोककर तलाशी ली। कार से करीब 16 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से अल्हागंज थाना क्षेत्र निवासी अतीक अली और नासिर अली को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपिताें ने पुलिस को बताया कि वे गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास के क्षेत्रों में बेचते थे। दोनों आरोपित कार से गांजा बिक्री के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आरोपिताें से पूछताछ कर मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

