पुलिस मुठभेड़ में दो गो तस्कर घायल, छह गोवंश व हथियार समेत गिरफ्तार
मीरजापुर, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के अदलहाट थाना पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ में दो शातिर गो-तस्करों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। मौके से क्रूरता पूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे छह गोवंश, एक पिकअप वाहन और अवैध असलहे भी बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) व क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गोवंश को तस्करी के लिए बिहार ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस ने हाजीपुर नहर पुलिया के पास पिकअप को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों ने अपने नाम भोला हरिजन निवासी विसौरा खुर्द (अदलहाट) और बाबू उर्फ रामजन्म सोनकर निवासी रामपुर ढबही (अहरौरा) बताए। तलाशी में उनके पास से दो तमंचा (315 बोर), चार जिंदा व दो खोखा कारतूस बरामद हुए। क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव ने बताया कि घायल आरोपितों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पिकअप वाहन को सीज करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

