कानपुर : वीरू की मौत के मामले में कार चालक साथी समेत गिरफ्तार, दो आराेपित फरार
कानपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के अर्रा निवासी वीरू सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने कार चालक पवन यादव और उसके साथी दिलीप को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल कार फतेहपुर के जहानाबाद क्षेत्र से बरामद की गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए कार्रवाई की है। मामले में दो अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 20 अक्टूबर की रात वीरू अपने दोस्त विक्रम के साथ बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में वीरू बाइक से उतरकर पैदल चलने लगा। इसी दौरान सामने से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह बोनट से होते हुए कार की छत पर पहुंच गया। आरोप है कि चालक ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान वीरू का हाथ कार के शीशे में फंस गया। करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक कार चलने के बाद वीरू नीचे गिर गया। गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पुलिस आयुक्त के मुताबिक कार में पवन के साथ दिलीप, पिंटू और दीपक भी सवार थे। कार पवन के भाई अनुज यादव की है। जांच में पवन के पास वाहन चलाने का लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पवन और दिलीप को गिरफ्तार किया है, जबकि पिंटू और दीपक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
उधर वीरू के परिजनों ने उसकी मौत के पीछे साजिश का आरोप लगाते हुए नौबस्ता-सागर हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। परिजनों ने मामले की दोबारा जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, परिजनों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र में शामिल तथ्यों को विवेचना में शामिल कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

