home page

बहराइच : खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर खूनी संघर्ष, एक की मौत, मां-बेटा गंभीर घायल

 | 
बहराइच : खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर खूनी संघर्ष, एक की मौत, मां-बेटा गंभीर घायल


बहराइच, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रामगांव थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके भाई और मां गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में घायल भाई को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया। मां का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

मुस्तफाबाद चौकी क्षेत्र के पुरवा निवासी साबिर अली (50) के परिवार का गांव के जुनाब अली और उनके परिवार से खेत को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने साबिर अली के परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में साबिर अली, उनके भाई ताहिर (55) और मां सैफुन (70) गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने साबिर अली को मृत घोषित कर दिया। ताहिर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया, जबकि सैफुन का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घायलों के साथ जिला अस्पताल पहुंचीं अरशिया बेगम ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच खेत को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में सोमवार को दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में साबिर अली, उनके भाई और मां को गंभीर चोटें आईं।

रामगांव थाना प्रभारी दिवाकर तिवारी ने बताया कि सोमवार सुबह खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA