छह लाख रुपये की अफीम के साथ झारखंड का तस्कर गिरफ्तार
शाहजहांपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कटरा थाना क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 927 ग्राम अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है।
कटरा थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम ने शनिवार रात कटरा थाना क्षेत्र स्थित हुलास नगला पुल के पास से झारखंड निवासी मुस्ताक अंसारी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से अफीम बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह झारखंड निवासी अनूप नामक व्यक्ति से अफीम खरीदकर बरेली निवासी रंजीत नामक व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपित द्वारा बताए गए अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

